देश में जीका वायरस भी पैर पसारने लगा है। आलम ये है कि यूपी के तीन शहर कानपुर, कन्नौज और लखनऊ में जीका वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कानपुर में जीका वायरस के कुल 123 मामले सामने आए हैं। कानपुर के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ नेपाल सिंह ने बताया कि यहां जीका के 123 मामलों में से 37 लोग अब ठीक हो चुके हैं। वहीं 86 मरीजों का अभी भी इलाज चल रहा हैं। उन्होंने बताया कि सर्विलांस टीम ने घर-घर जाकर 1,49,408 घरों में सर्विलांस एक्टिविटी पूरी की है। सैंपलिंग की टीम ने अब तक 4,675 सैंपल लिए हैं।
बता दें जीका वायरस के मामले लगातार बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिन शहरों में जीका के केस मिल रहे हैं, वहां अधिक सावधानी बरती जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हाल ही में जीका वायरस संक्रमण के 2 मामले सामने आए हैं। जबकि, कन्नौज जिले में भी जीका वायरस का केस रिपोर्ट किया गया था।