मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। दरअसल यहां शुक्रवार को दो किशोरी और एक महिला ने चलती मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी। जिससे दो किशोरी और महिला की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने देखा तो उनके रोंगटे खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना मथुरा-आगरा रेलवे ट्रैक पर बाजना पुल के पास की है। शुक्रवार दोपहर दो किशोरी व एक महिला ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हाईवे थाने ने शवों को मोर्चरी भेज दिया है। शिनाख्त के प्रयास जारी है।
एसपी सिटी डॉ अरविंद कुमार ने बताया कि घटना दोपहर करीब 1.20 बजे की है। रेलवे ट्रैक पर काम कर रही गैंगमैन टीम ने बताया कि एक महिला व दो किशोरी भूतेश्वर की ओर से पैदल आईं। बाजना पुल से आगे खंभा संख्या 1402/5ए के पास ट्रैक पर खड़ी हो गईं। उसी वक्त मालगाड़ी आई और तीनों कट गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर भी मचाया। मगर, वह तीनों ट्रैक से नहीं हटी थीं।
बताया कि फिलहाल जांच व मौके पर मौजूद लोगों के बयान से यही सामने आ रहा है कि इन्होंने सुसाइड की है। शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। महिला की उम्र करीब 35 वर्ष है। वहीं, एक किशोरी की उम्र 12 और दूसरी की उम्र करीब 14 वर्ष के करीब है। पुलिस ने बताया कि देखने में यह मां-बेटियां प्रतीत हो रही हैं। मगर, अभी शिनाख्त होने तक कुछ भी पुख्ता रूप से नहीं कहा जा सकता है। किसी कारणवश एक साथ सुसाइड कर ली हैं। शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।