महराजगंज: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने कोतवाली पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर पैदल गश्त की। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और लोगों से होली आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रीय नागरिकों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, अवैध शराब की बिक्री करने, हुड़दंग करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी की गई। पुलिस बल को लगातार सतर्क रहकर भ्रमणशील रहने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने कस्बावासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर दें।




