अमृत महोत्सव: केंद्र सरकार, भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की जोर-शोर से तैयारी कर रही है। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत सभी राज्यों में 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच हर घर पर ‘तिरंगा’ फहराया जाएगा। हालांकि अभी से ही देश के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही हैं।
इसी क्रम में देश की आजादी के 75वें वर्षगांठ पर आयोजित अमृत महोत्सव के लिए शुक्रवार को नवतप्पी इंटर कॉलेज रामपुर गढ़ के छात्र -छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाल कर लोगों को जागरूक किया। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया।
उन्होंने तिरंगा झंडा दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके उपरांत बैंड की राष्ट्रीय धुन के साथ विद्यालय प्रांगण से निकल कर रामपुर खास गांव के दलित बस्ती होते हुए मुख्य सड़क से होकर गांव की सड़कों पर ‘भारत माता की जय’ के जय घोष के साथ गांव की गलियों के रास्ते होते हुए विद्यालय परिसर में जा कर समाप्त हुई।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कृषिमंत्री ने कहा कि हमें हमेशा अपने अमर शहीदों के बलिदान को याद रखते हुए नए भारत के निर्माण के लिए संकल्प करना चाहिए। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। देश का चतुर्दिक विकास हो रहा है। हमें स्वतंत्रता के अमर शहीदों को याद कर प्रत्येक घरों पर तिरंगा लगाने के लिए जागरूक करने जरूरत है।
