कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहाँ कानपुर में रेलबाजार में चोरी के आरोप में जेल गए मामा का बदला लेने के लिए किशोर ने अपने नाबालिग दोस्त पर सेनिटाइजर डाल कर उसे जिंदा जला दिया। चीख पुकार सुन कर लोग मदद को पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की शिकायत की है, जिस पर जांच की जा रही है।
हैरिसगंज इलाके के निवासी फिरोज आलम इलेक्ट्रिशियन हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उनके भाई नफीस ने घर पर हुई चोरी के आरोप में आरोपी किशोर के मामा फारुख को जेल भिजवाया था। तब से उनका परिवार रंजिश मानने लगा था। मंगलवार को फारुख का भांजा घर से बेटे रेहान को अपने साथ खेलने के बाहने से ले गया।
कालोनी के पास खेलते-खेलते आरोपित के भांजे ने उनके बेटे पर सेनेटाइजर डाल दिया। दोस्त ने इसे खेल-खेल में लिया। आरोपित का भांजा उस पर लगातार सेनेटाइजर छिड़कता रहा और दोस्त खेल समझकर मैदान में उसके साथ दौड़ता रहा। आरोप है कि सेनेटाइजर से भिगोने के बाद आरोपित के भांजे ने फिरोज के बेटे को आग लगा दी। सेनेटाइजर की वजह से वह धू धू कर जलने लगा। जिसके बाद वह उसे छोड़कर भाग आया।
इस दौरान बेटे के साथ मौजूद अन्य दो बच्चों ने घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में बेटे को केपीएम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर डाक्टर ने उसे उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।