दक्षिणी बांग्लादेश: दक्षिणी बांग्लादेश में आज शुक्रवार सुबह-सुबह राजधानी से करीब ढाई सौ किलोमीटर दूर झलकोटी जिले में एक बहुत दर्दनाक हादसा हुआ। सुगंधा नदी में एक यात्री नाव में आग लग गई, बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त नौका में करीब 1000 लोग सवार थे। नाव में आग लगने से 36 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं। घटना के वक्त कुछ लोग नदी में कूद गए जिससे उनकी भी जान चली गई।
यह नाव राजधानी ढाका से बरगुना जा रही थी। शुक्रवार के तड़के करीब 3:00 बजे मोटर बोट में अचानक से आग लग गई। जब आग लगी तब यात्री सो रहे थे। आग लगते ही नाव पर हड़कंप मच गया। कुछ यात्री तो समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है, वहीं, कुछ यात्री भीषण आग को देखकर नदी में कूद गए।
इसमें भी कई लोगों के मरने की आशंका है। आग की सूचना मिलने के बाद बरिशल डिवीजन फायर सर्विस और सिविल डिफेंस के उप निदेशक कमल उद्दीन भुइयां के नेतृत्व में 15 अग्निशमन की गाड़ियां सु्बह 3:50 बजे घटनास्थल पर पहुंच गईं। ताजा जानकारी के मुताबिक, अभी तक 36 शवों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। झुलसे लोगों का फिलहाल स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है।