मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 74 और 78 पर दो बालकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों भाई प्रतीत हो रहे हैं।
माइलस्टोन 78 पर कंटीले तारों पर 13 साल के बालक को लटकाया गया, यहां मृत बालक की जींस तारों में फंसी हुई थी। वह उल्टा लटका हुआ था। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में जुटी ही थी, इस बीच माइलस्टोन 74 पर एक और बालक का शव मिलने की सूचना मिली। यहां शव एक्सप्रेसवे के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला।
माइलस्टोन 78 कोतवाली सुरीर और माइलस्टोन 74 थाना नौहझील क्षेत्र में आता है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों बालकों की हत्या करके शव लटकाया और फेंका गया है। दोनों के सिरों पर भारी चीज से हमला कर हत्या की गई है। गले पर भी निशान मिले हैं।
शव मिलने की जानकारी पर एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर और एसपी ग्रामीण श्रीशचंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने पुलिस टीम को शवों की पहचान के साथ खुलासे के निर्देश दिए हैं। यह तो साफ है कि दोनों की हत्या की गई है। हालांकि अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
