कांग्रेस: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही सभी पार्टियां जीत को लेकर काफी मेहनत कर रही है। इस बीच रविवार रात को कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए एक और उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 10 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें दिल्ली की 3 सीट, पंजाब की 6 और उत्तर प्रदेश की 1 सीट पर प्रत्याशी घोषित किए हैं।
इस लिस्ट में कांग्रेस ने इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री उज्जवल रमण सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यहां से भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को मैदान में उतारा है।
उज्जवल रमण सिंह दो अप्रैल को सपा से कांग्रेस में शामिल हुए थे। अब सपा- कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। उज्जवल करछना से दो बार विधायक रहे और मुलायम सरकार में पर्यावरण मंत्री रह चुके हैं।
सपा और कांग्रेस में गठबंधन है। कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं। पार्टी 14 सीटों पर पहले ही उम्मीदवार उतार चुकी है। रविवार को 15वें उम्मीदवार के तौर पर इलाहाबाद लोकसभा सीट से पूर्व मंत्री उज्जवल रमण सिंह के नाम की घोषणा की गई। कांग्रेस को गठबंधन में मिली 17 सीटों में रायबरेली और अमेठी छोड़कर अन्य सभी पर उम्मीदवार उतारे जा चुके हैं। ऐसे में अब लोगों की निगाह इन दोनों सीटों पर लगी हैं।
