यूपी: उत्तर प्रदेश के संभल से सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क की तबीयत शनिवार को बिगड़ गई है। उन्हें मुरादाबाद के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उन्हें आईसीयू के क्रिटिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। उनकी तबीयत पिछले कई दिनों से खराब थी। फिलहाल उनकी हालत में सुधार है।
कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक व सांसद के पोते जियाउर्रहमान बर्क ने बताया कि उनके 93 वर्षीय दादा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में भी उनकी तबीयत खराब हुई थी।
बताया कि मुरादाबाद के निजी अस्पताल में पहुंचने के बाद से उनकी हालत में सुधार हुआ है। कमजोरी की शिकायत है। मुरादाबाद में उनका उपचार कर रहे अस्पताल के प्रबंधन ने बताया कि उनके गुर्दे में तकलीफ है। आईसीयू में भर्ती करके उनका उपचार किया जा रहा है। उपचार से स्थितियां सुधरी हैं।
जानकारी के मुताबिक डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को संभल लोकसभा से 2024 के लिए सपा ने फिर से अपना प्रत्याशी बनाया है। मालूम हो डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं।