आजमगढ़: लोकसभा उपचुनाव जैसे- जैसे करीब आ रहा है, उतने ही जोर शोर से प्रचार प्रसार के लिए प्रत्याशी जी जान लगा रहे हैं। इसी क्रम में यूपी के आजमगढ़ में लोकसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने जनपद में डेरा डाल दिया है। इसी क्रम में शनिवार को सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां का आजमगढ़ आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने नसीरपुर और मुबारकपुर में जनसभा को संबोधित किया।
सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के समर्थन में जनता से वोट के लिए अपील की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और यूपी सरकार के नीतियों पर जमकर बरसे। आजम खां ने कहा कि मुल्क, सूबे और आपकी बेहतरी के लिए हमने और हमारे अपनों ने क्या-क्या नहीं सहा। मेरे खिलाफ सैकड़ों मुकदमे दर्ज हैं। किताबें, फर्नीचर और मुर्गी चोरी ही नहीं, डकैती की धाराएं भी हमारे ऊपर लगाई गई हैं।
लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा में विधायक आजम खां ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि हमारे मुखालिफों ने हमारा मयार बहुत हल्का रखा। उन्हें अगर मुकदमा कराना ही था, तो कुतुबमीनार और ताजमहल की चोरी का मुकदमा दर्ज कराते। आजमगढ़ में आजम खां आठ साल बाद किसी राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, विधायक आलमबदी, विधायक नफीस अहमद, जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, त्रिभुवन दत्त, पूर्व एमएलसी राकेश यादव उर्फ गुड्डू, विधायक अखिलेश यादव आदि मौजूद रहे।