सियासत: भाजपा के नए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल की नियुक्ति के बाद अब नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार है। भाजपा अगले सप्ताह तक नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकती हैl लोकसभा इलेक्शन 2024 को देखते हुए जातीय समीकरण के हिसाब से किसी चेहरे का चुनाव किया जा सकता है l पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ तेज हो गई है। पार्टी के दलित, पिछड़े, भूमिहार और ब्राह्मण नेता अध्यक्ष पद की दौड़ में है।
केंद्रीय नेतृत्व की ओर से बीते कुछ दिनों से लगातार देश के अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक फेरबदल किए जा रहे है। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सत्ता के गलियारों में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के बीच एक-दो दौर का मंथन हो गया है। केंद्रीय नेतृत्व आगामी लोकसभा चुनाव में वोट बैंक के फायदे की दृष्टि से नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति करना चाहता है।
वहीं दूसरा पहलू यह भी देखा जा रहा है कि ऐसे कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए जो योगी सरकार से समन्वय के साथ केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षा को भी पूरा कर सके। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद उनके नेतृत्व में नई टीम की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
