यूपी: बसपा नेता गुड्डू जमाली सपा में हुए शामिल, शिवपाल बोले- भाजपा राज में किसान, नौजवान, मुसलमान सब परेशान

यूपी: राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग का शिकार हुई सपा अब अपने गढ़ों को और मजबूत करने में जुट गई है। पार्टी की पहली तैयारी आजमगढ़ के किले को और मजबूत करना है। इस बीच बुधवार को दो बार विधायक रहे बहुजन समाज पार्टी के नेता शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव ने खुद उन्हें समाजवादी पार्टी में शामिल कराया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि मैंने किसी लोभ-लालच में यह फैसला नहीं लिया है। मैंने सोच समझकर यह निर्णय लिया है। आज देश के जो हालात हैं उसके लिए यह एक जरूरी निर्णय है। उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर हिंदू समाज के लोगों का अहसान है। मेरे 90 फीसदी दोस्त हिंदू हैं। मैं सोच भी नहीं सकता है कि हिंदू-मुसलमान को लड़ाया जा सकता है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से कहा कि मैं जिंदगी भर सपा में ही रहूंगा और पीडीए को मजबूत करने का काम करूंगा।

इस अवसर पर सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा राज में किसान, नौजवान और मुसलमान सब परेशान हैं। ये लोग भगवान राम का नाम लेकर बेईमानी करते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इतनी सरकारें देखी हैं पर भाजपा से ज्यादा बेईमान कोई नहीं है।

राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट करने वालों विधायकों पर अखिलेश यादव ने कहा कि अंतरात्मा वालों का अंतरखात्मा हो गया है। वो लोग जनता का कैसे सामना करेंगे जो भाजपा को हराकर आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को वोट करने वाले विधायकों पर नियम के अनुसार कार्रवाई होगी। इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) परिवार बढ़ता जा रहा है। लोग सपा में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए का परिवार बढ़ते जाने से भाजपा का डर बढ़ता जा रहा है। 2024 के चुनाव में एक तरफ वो लोग है जो संविधान को खत्म कर रहे हैं और दूसरी तरफ वो हैं जो संविधान बचाने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले कभी समुद्र मंथन हुआ था अब संविधान मंथन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *