अयोध्या: अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। राम मंदिर उद्घाटन के बाद अयोध्या में भक्तों का तांता लग रहा है। 23 जनवरी को जब से राममंदिर आम भक्तों के लिए खुला है, तब से लगातार भक्त उमड़ रहे हैं। रामभक्त रामलला के दरबार में दिल खोलकर दान भी कर रहे हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से ही राममंदिर में दान दिया जा रहा है।
पिछले दस दिनों में रामलला को लगभग 12 करोड़ का दान प्राप्त हो चुका है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन 22 जनवरी को समारोह में पहुंचे आठ हजार मेहमानों ने पूरे भाव से निधि समर्पण किया था। इसके चलते 22 जनवरी को ही 3़ 17 करोड़ का दान रामलला को प्राप्त हुआ।
नवनिर्मित राममंदिर की वार्षिक उत्सव तालिका तैयार हो चुकी है। नए मंदिर में पहले उत्सव के रूप में 14 फरवरी को बसंत पंचमी मनाई जाएगी। इसमें माता सरस्वती की पूजा होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वर्षभर में राममंदिर में 12 प्रमुख उत्सव व पर्व मनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी के साथ भाजपा के सभी विधायक 11 फरवरी को रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और समर्थक दलों के विधायक भी मौजूद रहेंगे। पूर्व में सीएम योगी ने एक फरवरी को कैबिनेट के साथ दर्शन करने की घोषणा की थी। आपको बता दें कि इससे पहले 1 फरवरी को सीएम योगी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों का अयोध्या में रामलला के दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन रामभक्तो की भीड़ को देखते हुए यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। अब मुख्यमंत्री योगी के साथ भाजपा के सभी विधायक 11 फरवरी को रामलला के दर्शन करेंगे।
