बड़ी खबर: यूपी चुनाव 2022 के बीच कांग्रेस को पश्चिमी यूपी में तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के बड़े नेता इमरान मसूद ने सपा में शामिल होने का एलान कर दिया है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से कल मिलने के लिए समय मांगा है। इमरान मसूद ने आठ साल बाद सपा में वापसी की है।
अब तक कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव रहे सहारनपुर के इमरान मसूद ने अंबाला रोड स्थित अपने आवास पर आयोजित समर्थकों की बैठक में समाजवादी पार्टी में जाने की घोषणा की है। कहा कि वर्तमान की परिस्थितियों में सपा ही भाजपा को हरा पाएगी। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है, लेकिन वर्तमान की परिस्थितियां ऐसी बनी है कि सपा से ही भाजपा का मुकाबला होना है।
उन्होंने अखिलेश यादव का समर्थन करते हुए कहा कि सपा नौजवानों व किसानों के लिए काम करने वाली सरकार है। सपा सरकार में प्रदेश में बड़े विकास कार्य हुए हैं। इमरान मसूद अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल होंगे। इससे पश्चिमी यूपी में कांग्रेस की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। इमरान ने पहले ही सपा में शामिल होने के संकेत दिए थे।
कहा कि सपा जनहित में कार्य करती है। किसान, नौजवान, बेरोजगार, व्यापारी, उद्यमी सहित प्रत्येक वर्ग के बारे में सपा सोचती है। इसीलिए उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सपा में जाने का निर्णय लिया है। सहारनपुर देहात सीट से कांग्रेस के विधायक मसूद अख्तर भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी उन्होंने इसकी घोषणा नहीं की है।