यूपी चुनाव 2022: चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, यूपी में सियासी उठापटक का दौर जारी है। समाजवादी पार्टी की आठवें चरण की विजय यात्रा मंगलवार को मैनपुरी से शुरू होगी। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव क्रिश्चियन मैदान में सुबह 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री विजय रथ पर सवार होकर एटा के लिए प्रस्थान करेंगे। सोमवार को जनसभा के लिए प्रभारियों ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा निकाली जा रही विजय यात्रा का आठवां चरण मैनपुरी से शुरू होगा। मैनपुरी के बाद एटा में भी पूर्व मुख्यमंत्री 21 दिसंबर को ही जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मैनपुरी जिले में गांव अंजनी, महादेवा, कुरावली, खिरिया पीपल में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा।
लंबे समय के बाद सपा के कार्यक्रम में प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव के फोटो सपा नेताओं ने अपने होर्डिंग में लगाए हैं। प्रसपा के जिलाध्यक्ष बोट सिंह यादव कहते हैं कि अब प्रदेश में सपा की सरकार बनना तय है। सपा में प्रसपा के नेताओं को सम्मान के साथ ही टिकट भी मिलेगी।
सपा की विजय यात्रा एटा शहर के सैनिक पड़ाव में मंगलवार को होगी। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लोगों को संबोधित करेंगे। इसी मैदान पर 12 दिसंबर को भाजपा ने बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया था। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम योगी ने सीधे-सीधे सपा को ललकारा था। अब बारी सपा की है, समर्थकों को बेसब्री से इंतजार है कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा की ललकार का जवाब किस तरह देते हैं।