यूपी चुनाव 2022: अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में गठबंधन हो गया है। इसका एलान सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने प्रेस कांफ्रेंस कर बुधवार को किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता परेशान है, हमारी अखिलेश यादव के साथ सहमति बन गई है। लोग भाजपा से परेशान हैं। हम उन्हें सत्ता से हटाने के लिए साथ आए हैं। इस गठबंधन का एलान 27 अक्तूबर को मऊ के हलधरपुर में आयोजित सभा में किया जाएगा।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान जनता प्रदेश में बदलाव चाहती है। विधानसभा चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा 2022 में भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा। आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार 100 करोड़ वैक्सीनेशन का झूठा आंकड़ा प्रस्तुत कर रही है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। सबसे अधिक राजस्व देने के बाद भी सोनभद्र का अपेक्षित विकास न होने के लिए सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियां जिम्मेदार हैं। सोनभद्र के रामलीला मैदान में आयोजित अधिकार सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सबसे गरीब अगर देश में कोई है तो अमित शाह के पुत्र, जिनके लाखों-करोड़ों कर्ज माफ कर दिए जाते हैं।
जब देश और प्रदेश में भाजपा सरकार नहीं थी तो इन के बड़े-बड़े नेता आते थे और बड़े-बड़े वादे करते थे, लेकिन आज क्या स्थिति उत्पन्न हो गई है कि 60 का डीजल 100 के करीब पहुंच गया। वही पेट्रोल 100 पार हो गया। 350 का गैस 1000 पार हो गया है। यह सरकार गरीबी हटाने नहीं गरीबों को हटाने आई है। कहा कि महंगाई चरम सीमा पर, बेरोजगारी सड़क पर है। इस सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है। सरकार केवल अपने भाषणों में लंबे-लंबे वादे करती है।
