यूपी चुनाव 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर 27 फरवरी को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे है विधानसभा चुनाव में भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं को प्रबंधन का गुर सिखायेंगे व मंडल के हर पदाधिकारी से फीडबैक लेंगे। सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे।
प्रधानमंत्री 27 फरवरी को करीब तीन घंटे के प्रवास पर वाराणसी आएंगे। वह 27 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से हेलीकाप्टर से पुलिसलाइन आएंगे। पुलिस लाइन से सड़क मार्ग से विश्वविद्यालय जाएंगे। भाजपा इस रूट पर रोड शो की तैयारी में जुटी है।
विश्वविद्यालय में करीब 20 हजार बूथ पदाधिकारियों के सम्मेलन में मंडल के हिसाब से कार्यकर्ताओं को बैठाया जाएगा। इसके लिए शहर के 13 और जिले के 20 मंडल के 20 हजार 113 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई है। पीएम संवाद से पहले प्रत्येक मंडल के कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे।
पीएम के संबोधन के बाद एक बड़ी बैठक यहां होगी। इसमें पूर्वांचल के चुनाव प्रचार अभियान की रणनीति तैयार होगी। पीएम मोदी की प्रमुख बैठक बूथ पदाधिकारियों के साथ है। जिन पदाधिकारियों को बैठक में हिस्सा लेना है, उनके पास समय रहते ही प्रवेशिका पहुंचा दी जाए और उनके लाने और ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। देर शाम मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश और भाजपा की ओर से कार्यक्रम संयोजक अशोक चौरसिया, धर्मेंद्र सिंह, नवरतन राठी, जगदीश त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने तैयारियों का जायजा लिया।
