भारत जोड़ो न्याय यात्रा: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई है। उत्तर प्रदेश में यात्रा की अवधि में कटौती नहीं की गई है। यह यात्रा यूपी में 8 दिनों तक रहने वाली है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की तबियत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। ऐसे में राहुल गांधी की चंदौली में होने वाली सभा में प्रियंका गांधी नहीं शामिल होंगी। उनकी तबीयत खराब हो गई है। जिसके कारण वह अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट के जरिये अपने अस्वस्थ होने की जानकारी दी है।
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा है कि ‘मैं बड़े चाव से उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहुंचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन बीमारी की वजह से मुझे आज ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। थोड़ा बेहतर होते ही मैं यात्रा में जुड़ूंगी। तब तक के लिए चंदौली-बनारस पहुंच रहे सभी यात्रियों, पूरी मेहनत से यात्रा की तैयारी में लगे उत्तर प्रदेश के मेरे सहयोगियों और प्यारे भाई को शुभकामनाएं देती हूं।’
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि बनारस की यात्रा में जनता की भीड़ दो से ढाई लाख के बीच रहेगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद राहुल गांधी गोदौलिया चौराहे पर जनता को संबोधित भी करेंगे।
इस यात्रा से प्रदेश की राजनीति को नया मोड़ मिलेगा। इंडिया गठबंधन से सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य बनारस में यात्रा में शामिल होंगे। बता दें कि कांग्रेस की न्याय यात्रा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव सहित गठबंधन के अन्य नेता भी शामिल होंगे।
