आम महोत्सव-2024: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव का शुभारंभ किया। 12 से 14 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों व उनके उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस साल जापान और मलेशिया को 40 टन आम निर्यात करेगा। 160 वर्ष के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि लखनऊ का दशहरी अमेरिका को निर्यात किया जा रहा है। भारत में दशहरी का दाम 60 से 100 रुपए के बीच है लेकिन यही दशहरी जब अमेरिका के मार्केट में पहुंचा तो इसका दाम 900 रुपए किलो हो गया है। यानी अगर हम ड्यूटी टैक्स, कार्गो और एयर फेयर का दाम भी जोड़ लें तो एक किलो आम अमेरिका भेजने की लागत 250-300 रुपए तक आ रही होगी तब भी एक किसान एवं बागवान को एक किलो आम पर 600 रुपए की बचत होगी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले 7-8 वर्षों से उत्तर प्रदेश सरकार आम महोत्सव आयोजित कर रही है। इस आयोजन में सरकार अपने प्रगतिशील किसानों और बागवानों को सम्मानित करती है। उत्तर प्रदेश के उत्पादित आम को हम न केवल देश में बल्कि दुनिया की मार्केट में पहुंच सके इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन में देश में अग्रणी है लेकिन अब हमें बढ़ती हुई आबादी के अनुरूप क्वांटिटी और क्वालिटी दोनों को बनाए रखने के लिए लगातार काम करना होगा
आपको बता दें कि महोत्सव में लगभग 700 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में आम महोत्सव में यूपी के साथ ही मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत कई राज्यों के आम के किसान व इसके साथ ही अलग अलग राज्यों के उद्यान प्रतिनिधि और आम की खेती करने वाले विशेषज्ञ भी पहुंचे हैं।
आम महोत्सव-2024 में लगभग 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा। आम से बने विभिन्न पकवान एवं व्यंजन प्रदर्शित किये जायेंगे।
