यूपी का मौसम: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का सितम अब जानलेवा हो गई है पिछले 24 घंटे में लू और हीट स्ट्रोक की वजह से 170 लोगों की जान चली गई। मॉनसून में देरी की वजह से अभी कोई राहत भी मिलती नहीं दिख रही है। प्रचंड गर्मी, लू की तीव्रता ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मानसून आने से पहले उत्तर प्रदेश में पारा हर रोज एक रिकॉर्ड बनाने को आतुर दिख रहा है।
प्रदेश के कई हस्सों में रिकार्ड तोड़ता तापमान बता रहा है कि लोग गर्मी में झुलस रहे हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक के प्रचंड गर्मी, लू की तीव्रता ने लोगों को बेहाल कर रखा है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, प्रदेश में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शुष्क व गर्म पछुआ हवा चल रही है। तेज धूप के कारण आज भी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों (75 फीसदी इलाकों) में प्रचंड लू की स्थिति बनी रही। इसके अतिरिक्त न्यूनतम तापमान भी प्रदेश में सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। अगले 48 घंटों में मौसम में कोई विशेष परिवर्तन के आसार नहीं है।
इसके बाद तराई क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम पुरवा हवाओं के प्रभाव से बादल छाने और संभावित बारिश के कारण तापमान में कमी आने के आसार हैं। तराई इलाकों में लू की स्थिति में 19 जून के बाद आंशिक सुधार होने की संभावना है। परंतु प्रदेश के मध्यवर्ती एवं दक्षिणी हिस्सों में लू की परिस्थितियां आगे भी जारी रह सकती हैं।
