उत्तराखंड: बीते काफी दिनों से उत्तराखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर अटकलें चल रही थीं। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों के बीच शनिवार को भाजपा ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान कर दिया। केंद्रीय नेतृत्व ने महेंद्र भट्ट को प्रदेश की कमान सौंपी है। उत्तराखंड में नए पार्टी अध्यक्ष का ऐलान बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी चिट्ठी में किया गया है।
दिल्ली में बुधवार को भाजपा के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थी कि पार्टी नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने वाली है। इससे पहले प्रदेश भाजपा की कमान वरिष्ठ और अनुभवी नेता मदन कौशिक के हाथों में थी।
विधानसभा चुनाव के बाद से कौशिक के स्थान पर गढ़वाल मंडल के किसी ब्राह्मण नेता को संगठन की कमान सौंपे जाने की चर्चाएं थीं। बीते दिनों से यूपी और उत्तराखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर अटकलें चल रही थीं। हालांकि अभी पार्टी ने केवल उत्तराखंड में ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया है। यूपी के नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान अभी बाकी है l
