महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर कोर्ट गांव के सिवान में संचालित मुर्गी फॉर्म के कमरें में शनिवार सुबह दंपति के शव मिले। फॉर्म से पांच सौ मरे हुए चूजे भी बरामद किए गए।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीपुर कोर्ट गांव निवासी नथुनी यादव (40) गांव से कुछ दूर सिवान में मुर्गी फॉर्म का संचालन करते थे। जहां रोज की तरह शुक्रवार शाम को घर पर भोजन करने के बाद नथुनी पत्नी पूनम (35) के साथ फॉर्म पर सोने चले गए।
शनिवार सुबह देर तक जब दंपती फॉर्म से घर नहीं पहुंचे, तो परिजन तलाश करते हुए फॉर्म पहुंचे। जहां परिजन फॉर्म के अंदर कमरे में दंपति के शव देख सन्न रह गए। फॉर्म में पांच सौ चूजे भी मृत अवस्था में पड़े थे। परिजनों ने इसकी जानकारी आस-पास के लोगों को दी। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस पति-पत्नी के शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुटी है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि फॉर्म संचालक द्वारा शुक्रवार को पांच सौ चूजे मंगाए गए थे। जिन्हें ठंड से बचाने के लिए फॉर्म के चारों तरफ पॉलीथिन लगाकर आग जलाई गई थी। प्रथम द्रष्टया मौत की वजह ऑक्सीजन की कमी लग रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट में ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। मुर्गियों की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी के लिए उनका भी पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत की वजह अभी भी उजागर नहीं हो सकी है।
