यूपी विधानसभा चुनाव 2022: यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले कम हिंसा हुई है। इस बार घटनाओं में दो तिहाई की कमी आई है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 2017 के चुनाव में 97 घटनाएं हुई थीं, लेकिन इस बार सिर्फ 33 घटनाएं सामने आई हैं।
सबसे अधिक लखनऊ जोन में मुकदमे लिखे गए। चुनाव के दौरान 52.64 करोड़ से ज्यादा की नकदी के अलावा 6.66 लाख की नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई। इसके अलावा 31.88 करोड़ 88 से ज्यादा की अवैध शराब व 42 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ भी बरामद किए गए।
एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि इस बार विधानसभा चुनाव के सातों चरणों में जो घटनाएं हुई हैं उनमें 28 चुनाव पूर्व और पांच मतदान वाले दिनों में हुईं। 2017 में 75 घटनाएं चुनाव से पूर्व हुई थीं और 22 चुनाव वाले दिनों में हुई थीं। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान नियमों के उल्लंघन के 1339 मामलों में केस दर्ज किया गया और 412 एनसीआर दर्ज की गई।
एडीजी ने बताया कि मतगणना के लिए जिलों को ढाई सौ कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल उपलब्ध कराया गया है। इसमें 36 कंपनी ईवीएम की सुरक्षा और 214 कंपनी मतगणना एवं कानून व्यवस्था के लिए है। मतगणना कार्य के लिए 61 कंपनी पीएसी भी कमिश्नरेट व जिलों को उपलब्ध कराई गई है। इन सब के अलावा मतगणना के लिए 625 राजपत्रित अधिकारी, 1807 निरीक्षक, 9598 उपनिरीक्षक, 11627 मुख्य आरक्षी व 48649 आरक्षियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।