लोकसभा चुनाव: दुनिया में लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव 18वीं लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में सोमवार को यूपी की 13 सीटों पर मतदान शुरु हो गया है। इस चरण में 130 प्रत्याशी मैदान में हैं। अखिलेश यादव कन्नौज सीट से चुनावी मैदान में हैं।
यूपी में लोकसभा की चौथे चरण की 13 सीटों शाहजहांपुर (अजा), खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोइ (अजा), मिश्रिख (अजा), उन्नाव, फर्रूखाबाद, इटावा (अजा), कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच (अजा) लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान हो रहा है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है।
चौथे चरण की लोकसभा सीटों पर कुल 130 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिसमें 16 महिला और 114 पुरुष प्रत्याशी हैं। मतदाता फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त 12 अन्य पहचान पत्र मान्य होंगे। चौथे चरण में कुल 2 करोड़ 47 लाख 47 हजार 27 मतदाता हैं, जिसमें 1 करोड़ 31 लाख 82 हजार 341 पुरुष, 1 करोड़ 15 लाख 63 हजार 739 महिला और 947 थर्ड जेंडर हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर मतदाता सूची और मतदाताओं के पहचान पत्र में मामूली फर्क है, तो उसे नजरअंदाज करते हुए निर्णय लें। बशर्ते, मतदाता वही व्यक्ति हो। मतदान से संबंधित कोई भी शिकायत प्रदेश स्तर पर 1800-180-1950 और जिलास्तर पर 1950 टोल-फ्री नंबर पर कॉल करके दर्ज कराई जा सकती है।
सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार अभियान 48 घंटे पहले थम गया था। चुनाव आयोग ने चौथे चरण के लिए विशेष तैयारियां की हैं। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पिक एंड ड्रॉप सुविधा दी जाएगी।
