मौसम अपडेट: उत्तर भारत में मौसम ने पूरी तरह से करवट ले ली है। देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में शीतलहर और कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए हैं, उड़ानों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह भी दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। पूरे दिन कोल्ड डे स्थिति बनी रही। शनिवार को भी हवाओं की दिशाओं में बदलाव से तापमान में कुछ बढ़त होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने के कारण सूरज की रोशनी धरती तक पहुंच नहीं पाई, जिस कारण दिन के समय ठिठुरन महसूस हुई। कई जगहों पर पश्चिम, उत्तर, उत्तर-पश्चिम व उत्तर पूर्व दिशाओं से ठंडी हवाएं चली। ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली के कई इलाकों में गलन महसूस हुई। अनुमान है कि आने वाले दिनों में अभी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होगा। इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़त हो सकती है। नौ जनवरी को दिन के समय हल्की बारिश या बूंदा-बांदी का आसार बन रहे हैं। 10 जनवरी को भी बूंदा बादी के आसार बन रहे हैं। बारिश से मौसम साफ होगा। इससे तापमान में बढ़त होने की उम्मीद है।
वही उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने आज और कल घने कोहरे का अनुमान जताया है। आठ जनवरी को मौसम कुछ खुल सकता है, जबकि नौ को फिर बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके बाद मौसम तो खुलेगा, लेकिन ठंड से राहत मिलने के आसार कम ही हैं। शुक्रवार को करीब-करीब पूरे प्रदेश में बारिश हुई। कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश से जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। बारिश की वजह से पारा तो लुढ़का ही साथ ही मौसम ने एकदम से करवट भी ले ली। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, सुल्तानपुर, फुरसतगंज, झांसी, हमीरपुर व आसपास बरसात हुई। सर्वाधिक बरसात सुल्तानपुर में 33 मिमी दर्ज हुई।
यूपी के इन शहरों में घने कोहरे की चेतावनी…..
लखनऊ, वाराणसी, आगरा, अंबेडकरनगर, अमेठी, अमरोहा, औरैया, अयोध्या, आजमगढ़, बदायूं, बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बिजनौर, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फरुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, हरदोई, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर, कासगंज, कौशांबी, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, महाराजगंज, महोबा, मैनपुरी, मऊ, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, रामपुर, संत कबीरनगर, संत रविदास नगर, सहारनपुर, संभल, शाहजहांपुर, शामली, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर, उन्नाव और जौनपुर।
