Weather Update: पूरे उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। इन दिनों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली तक पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। इन दिनों दिल्ली एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत घने कोहरे और शीतलहर की मार झेल रहा है। कड़ाके की ठंड ने सब को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में गिरावट का संकेत दिया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में अगले पांच दिनों बहुत घना कोहरा छाने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली में आज से सर्दी का सितम बढ़ने की आशंका है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक पंजाब, हरियाणा, यूपी और दिल्ली में कहीं-कहीं अत्यधिक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार की सुबह भी कोहरे की चादर पड़ी रही। कोहरे के साथ गलन का एहसास हुआ। कोहरे और धुंध का सीधा असर विमान और ट्रेनों पर पड़ा। शुक्रवार को यूपी पहुंचने वाली ट्रेनों घंटों लेट चल रही है। कोहरे की वजह से आज शताब्दी और तेजस कैंसिल कर दी गई हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 29 जिलों व आसपास के इलाकों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। इससे बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में दिन में लोगों को भारी गलन महसूस होगी। कल से मौसम में कुछ सुधार हो सकता है।
वही घना कोहरा छाने से सड़क, रेल व हवाई यातायात व्यवस्था चरमरा गई। 80 से ज्यादा ट्रेनें 4 से 13 घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जबकि 271 उड़ानों पर भी असर पड़ा है। करीब डेढ़ दर्जन उड़ानों को रद्द व एक उड़ान को डाइवर्ट करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान से जुड़ीं 41 व घरेलू प्रस्थान से जुड़ीं करीब 150 उड़ानों में विलंब हुआ।