Politics

पंजाब कांग्रेस में विवाद के बीच प्रियंका गांधी से मिले नवजोत सिंह सिद्धू, मुलाकात के बाद पंजाब कांग्रेस में हलचल तेज

पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच दिल्ली पहुंचे नवजोत सिंह सिद्धू की दूसरे दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात हुई है। सिद्धू ने प्रियंका संग मुलाकात की एक तस्‍वीर ट्विटर पर शेयर की है। खास बात यह है कि इस तस्वीर में सिद्धू आत्‍मविश्वास से लबरेज नजर आ रहे हैं और प्रियंका के चेहरे पर मंद मुस्‍कान है। इस मुस्कुराहत के कई मायने हैं ? क्या पंजाब में कांग्रेस का विवाद खत्म हो रहा है ? इस तस्वीर के पीछे दोनों नेताओं के साथ हुई लंबी बातचीत में क्या हल निकला ?

बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से प्रियंका गांधी के साथ तस्वीर ट्वीट की है। तस्वीर के साथ उन्होंने यह भी लिखा है कि उनके और प्रियंका गांधी के बीच लंबी बैठक हुई है। ऐसा कहा जा रहा था कि सिद्धू की बयानबाजी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी नाराज हैं और उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा है कि वे इस तरह की बयानबाजी न करें जिससे पार्टी को नुकसान हो। राहुल गांधी ने कहा कि अगर नाराजगी है, तो पार्टी नेता अपना पक्ष पंजाब प्रभारी या कांग्रेस हाईकमान के सामने रखें। इन सबके बीच नवजोत सिंह सिद्धू और प्रियंका गांधी की मुलाकात हुई है और इस मीटिंग के बाद एक ​बार फिर पंजाब कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है।

गौरतलब है कि 2019 में सिद्धू ने कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से वो कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। हाल ही में जब पार्टी नया प्रदेश अध्यक्ष तलाश रही थी, तो सिद्धू ने उस पर दावा ठोका लेकिन कैप्टन ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। साथ ही वो सिद्धू को कोई महत्वपूर्ण पद देने के मूड में नहीं हैं। राहुल गांधी ने 25 जून को पंजाब के मंत्री ब्रह्म मोहिंद्र, विजय इंदर सिंगला, बलबीर सिंह सिद्धू और राज्यसभा सदस्य शमशेर सिंह दुल्लो, विधायक लखवीर सिंह लक्खा के साथ मुलाकात की थी, लेकिन अभी तक उन्होंने सिद्धू के साथ मुलाकात का कोई मन नहीं बनाया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top