उत्तराखंड: शनिवार दोपहर कुछ लोगों ने उत्तराखंड के बाजपुर में बैठक में शामिल होने जा रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के काफिले पर लाठी-डंडो से हमला कर दिया। हमले के दौरान बचाव में आए कई कार्यकर्ता लाठियां लगने से चोटिल हो गए। हमले का आरोप पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह किंदा व उनके समर्थकों पर लगा है। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य पर हुए हमले के खिलाफ हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस दौराप कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी भी की।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे यशपाल आर्य बेटे संजीव आर्य के साथ बाजपुर में आयोजित बैठक में जा रहे थे। इस दौरान जैसे ही उनकी कार हल्द्वानी स्टेट हाइवे लेवड़ा नदी पुल पर पहुंची तो वहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने समर्थकों के साथ काले झंडे दिखाए। इस दौरान उनकी गाड़ी पर लाठी डंडों से हमला किया गया। जिसमें वे बाल-बाल बचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।
मंत्री यशपाल आर्य की ओर से इस मामले में तहरीर दी गई है। जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर 13 नामजद लोगों के खिलाफ धारा 147,148, 323, और एससी/एसटी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच सीओ बाजपुर वंदना वर्मा को सौपी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आने पर कानूनी कार्यवाही की जाएंगी।
