लखनऊ: मंगलवार दोपहर लखनऊ में विधान भवन के सामने खनन ठेकेदार शिव मिलन सिंह ने अपने साथी हरिराम के संग आत्मदाह का प्रयास किया। दोनों ने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। इसी बीच प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज की नजर पड़ गई। दौड़कर हाथ से माचिस व पेट्रोल का डिब्बा छीन लिया। पुलिस ने दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
ठेकेदार व उसके साथी मोहनलालगंज पुलिस पर रुपये मांगने का आरोप लगा रहे हैं। मोहनलालगंज पुलिस ने चार दिसंबर की देर रात अवैध खनन के आरोप में ठेकेदार के तीन डंपर व एक पोकलैंड मशीन सीज कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक इसकी रिपोर्ट खनन विभाग को भेजी गई है लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। डंपर व पोकलैंड मशीन थाने में ही पड़ी है। प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज पर वसूली का आरोप लगते ही पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर अखिलेश कुमार मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस ने सिविल अस्पताल में दोनों से पूछताछ की। इस दौरान दोनों ने मोहनलालगंज पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मोहनलालगंज पुलिस लगातार उनसे रुपये की मांग कर रही थी। पुलिस की मनमानी से परेशान होेकर आत्मदाह करने के लिए मजबूर हुए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों को सिविल अस्पताल लेकर गई। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।