असम: भारत में इसी साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। इस चुनाव से पहले सभी पार्टियों ने जनता को लुभाने की अपनी कोशिशें तेज कर दी है। इसी क्रम में राहुल गांधी ने 14 जनवरी से एक नई यात्रा शुरू की है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिलहाल अरुणाचल प्रदेश में हैं।कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज आठवां दिन है।
राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा अरुणाचल प्रदेश के राजगढ़-होलोंगी इलाके से शुरू हुई। यह इलाका अरुणाचल प्रदेश और असम के बॉर्डर पर स्थित है। यहां से यात्रा फिर से असम में दाखिल होगी। इस बीच, राहुल ने असम सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने विश्वनाथ जिला मुख्यालय विश्वनाथ चरियाली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार लोगों को न्याय यात्रा में शामिल होने के खिलाफ धमकी दे रही है लेकिन लोग उससे डरते नहीं हैं। और यात्रा मार्गों पर कार्यक्रमों की अनुमति देने से भी इनकार कर रही है। यहां तक कि राज्य में कांग्रेस के झंडे और बैनरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘हम यात्रा में लंबे भाषण नहीं देते हैं। हम हर दिन सात-आठ घंटे यात्रा करते हैं, आपके मुद्दों को सुनते हैं और हमारा उद्देश्य इन मुद्दों को उठाना है। वे (सरकार) सोचते हैं कि वे लोगों को दबा सकते हैं। लेकिन उन्हें यह एहसास नहीं है कि यह राहुल गांधी की यात्रा नहीं है। यह लोगों की आवाज उठाने की यात्रा है।’उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगामी चुनावों में भाजपा के खिलाफ भारी अंतर से जीत हासिल करेगी।
