विधानसभा चुनाव 2022: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, चुनाव की तारीख तय होने के साथ ही राजनीतिक दलों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव नजदीक आते ही दल बदलने का सिलसिला भी तेज हो चुका है। राजनीतिक पार्टियों ने प्रत्याशियों के नामों का भी एलान करना शुरू कर दिया है।
समाजवादी पार्टी मे गठबंधन के पहले उम्मीदवार का एलान हो गया है। बुधवार को एनसीपी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। इसके बाद समाजवादी पार्टी ने जानकारी दी कि एनसीपी नेता केके शर्मा बुलंदशहर की अनूपशहर विधानसभा सीट से सपा-एनसीपी गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी होंगे।
अखिलेश यादव ने आज सपा का सहयोगी दलों के साथ बैठक की। इस बैठक में सहयोगी दलों के नेताओं ने अपने उम्मीदवारों के नाम रखे। दावा किया जा रहा है कि शिपवाल यादव के बेटे आदित्य यादव, ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर और केशव देव मौर्य के बेटे चंद्रप्रकाश सिंह मौर्य भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि सपा गठबंधन चरणवार उम्मीदवारों की सूची जारी करेगा। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी पहले दो चरण में उम्मीदवार नहीं उतारेगी।