बॉलीवुड: इस समय फिल्मी दुनिया से जुड़े कई सितारे राजनीति में उतर चुके हैं। इस लिस्ट में अब उत्तर प्रदेश के चुनावी माहौल के बीच अब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की ‘क्वीन’ रानी चटर्जी ने राजनीति में कदम रखते हुए अपनी नई पारी शुरू की है। रानी चटर्जी भोजपुरी सिनेमा का पॉपुलर चहरा हैं। रानी चटर्जी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गई हैं और इस बात की जानकारी खुद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर दी है, जिसके बाद से ही रानी चटर्जी को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
रानी चटर्जी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह प्रियंका गांधी के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। इस तस्वीर में रानी चटर्जी ने अपने हाथ में पिंक कलर का एक बैग भी पकड़ा हुआ है, जिस पर लिखा है, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं।’ ये वही नारा है, जिसके सहारे ही प्रियंका गांधी अपने विरोधियों पर जमकर हमला बोल रही हैं।
इस तस्वीर के साथ कैप्शन में रानी चटर्जी ने प्रियंका गांधी को धन्यवाद कहा है। रानी ने लिखा, ‘एक और लड़की लड़ने के लिए तैयार है। प्रियंका जी के अभियान ‘लड़की हूं लड़ सकती है’ के साथ जुड़ कर मैं एक नया अध्याय शुरू कर रही हूं। आज प्रियंका गांधी जी से दिल्ली में मुलाकात हुई साथ में मुंबई कांग्रेस के युवा नेता मेरे मित्र सूरज सिंह ठाकुर।’
रानी चटर्जी ने जैसे ही ये तस्वीर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी को ज्वाइन कर लिया है, तब से ही एक्ट्रेस को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। सिर्फ फैंस ही नहीं कई सेलेब्स ने भी रानी चटर्जी को बधाई दी है। एक्ट्रेस दीपशिखा नागपाल ने रानी की इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘बधाई हो।’ इसके अलावा, शुभी शर्मा, गुंजन पंत और अनारा गुप्ता ने भी रानी चटर्जी को बधाई दी है।
