लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के संसदीय सीट से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी राजनाथ सिंह 29 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे। राजनाथ नामांकन करने के लिए रथ पर सवार होकर कलेक्ट्रेट जाएंगे। इस सिलसिले में रविवार से सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बैठक के जरिए संदेश दिया गया, जिससे राजनाथ सिंह का नामांकन जुलूस यादगार बन सके।
लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राजनाथ सिंह नामांकन के सिलसिले में मंत्री, महापौर, विधायक, पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश मुख्यालय हजरतगंज पर सुबह 10:00 बजे तक एकत्र होंगे। इसके बाद राजनाथ सिंह भव्य पार्टी रथ पर सवार होकर विशाल जनसमूह के साथ कलेक्ट्रेट की ओर प्रस्थान करेंगे। वह वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति में नामांकन करेगे।
नामांकन को लेकर भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर की ओर से तैयारियां तेज हो गई है। भारी संख्या में पदाधिकारी कार्यकर्ता दिन रात एक कर चुनाव जीतने के लिए पुरजोर लग गए हैं। नामांकन को लेकर कार्यकर्ताओं पदाधिकारियो में भारी उत्साह है।
