लखनऊ नगर निगम: नगर निगम की कार्यकारिणी चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी का दबदबा रहा। छह पार्षदों को निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य चुन लिया गया। लखनऊ नगर निगम के कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव में भाजपा के चार व सपा के दो सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। चुनाव के लिए छह प्रत्याशी ही मैदान में उतारे गए थे।
लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी के छह पदों पर भाजपा के चार व सपा के दो सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। इसमें से चार सदस्य भाजपा के जबकि दो सपा के हैं। भाजपा ने तीन महिला पार्षदों को कार्यकारिणी सदस्यों के लिए हुए चुनाव में उम्मीदवार बनाया था, जो निर्विरोध चुन ली गईं।मनोज अवस्थी, शशि गुप्ता, रेखा सिंह और मिथिलेश चौहान भाजपा के विजयी सदस्य हैं जबकि जगलाल यादव और अयजुर्रहमान सपा के विजयी सदस्य हैं।
दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद निगम कार्यकारिणी के जो छह सदस्य एक जनवरी को रिटायर हो गए, उनकी जगह पर ही नए सदस्यों का चुनाव होना था। रिटायर सदस्यों में भाजपा के कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, हरिश्चंद्र लोधी, रामकुमार वर्मा व साधना वर्मा थे। सपा के पार्षद दल के नेता यावर हुसैन रेशू व ताराचंद्र रावत रिटायर हुए।
अभी कार्यकारिणी के छह सदस्यों में भाजपा के प्रदीप शुक्ला टिंकू, रुपाली गुप्ता, श्रवण नायक व विमल तिवारी और सपा के मोनू कनौजिया व देवेंद सिंह यादव जीतू हैं। मुकाबला भाजपा और सपा के बीच हुआ। दोनों दल इस बार भी निर्विरोध चुनाव चाहते थे और छह पदों के लिए इतने ही प्रत्याशी उतारे थे। इनमें भाजपा के चार और सपा के दो प्रत्याशी थे।
