मौसम अपडेट: देश की राजधानी दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में कड़ाके की ठंड का जारी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पंजाब समेत उत्तर पश्चिम भारत में मामूली राहत के बाद गलन वाली ठंड फिर बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। बुधवार सुबह दिल्ली-एनसीआर घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया और कई इलाकों में दृश्यता कम रही।
घने कोहरे की वजह से सड़क से लेकर हवाई यातायात तक प्रभावित हुआ है। मौसम की वजह से आने-जाने वाली उड़ानों और ट्रेन यातायात्र पर खासा असर देखने को मिल रहा हैं। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों में देरी हुई। वहीं दूसरी तरफ कई ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से पांच घंटे या उससे अधिक की देरी से हैं।और कुछ के रद्द होने से यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में तेज हवाओं और बारिश के आसार हैं। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चल सकती है। गति 12 से 20 किमी रहने के आसार है। शुक्रवार को हवा उत्तर-पूर्व दिशा से चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति चार से 12 किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक बुधवार को बादल छाए रहेंगे, कुछ इलाकों में हल्की बुंदाबांदी भी हो सकती है। राजधानी में हवा की गति कम होने से वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से हवा में आंशिक सुधार आ सकता है।
