यूपी: यूपी में ठंड का प्रकोप जारी, गलन और कोहरे से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी….

यूपी में मौसम अपडेट: यूपी में कोहरे व गलन से जनता को अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। यूपी में गलन और कोहरे का प्रकोप जारी है। शनिवार की सुबह राज्य के ज्यादातर जिलों में कोहरे से दिन की शुरूआत हुई। शुक्रवार की रात से कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। ठंडी हवाएं तापमान को और कम करती रहीं। जनवरी का अंतिम सप्ताह शुरू हो गया है लेकिन सर्दी का सितम कम नहीं हो पा रहा है। स्थिति यह है कि दिन का तापमान गत वर्षों से लगभग हर दिन कम ही दर्ज किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि अब तक औसत के आधार पर इस बार पिछले 21 वर्षों में सबसे ज्यादा ठंड हो रही है। शुक्रवार को कानपुर और सोनभद्र में सबसे पारा तीन डिग्री तक नीचे चला गया। यह यूपी में न्यूनतम रहा।

इसके पहले शुक्रवार को भी मध्य यूपी के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे और गलन बनी रही। लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में दृश्यता 50 मीटर से 200 मीटर तक रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक ठंड परेशान करने वाली रहेगी। मंगलवार से मौसम में कुछ बदलाव होने की संभावना है। शुक्रवार को लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। शनिवार को भी अधिकतम तापमान ऐसा ही रह सकता है। चरख धूप निकलने की संभावना अभी नहीं है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 29 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने, घना कोहरा छाए रहने और कोल्ड डे कंडीशन बने रहने के आसार हैं।

इन जिलों में दिखेगा ऑरेंज अलर्ट का असर

मुजफ्फरनगर, बागपत, आगरा, एटा, बिजनौर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, सुल्तानपुर, अमेठी, गौतम बुद्ध नगर, जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए देवरिया, वाराणसी और अलीगढ़ जिले के कक्षा एक से आठवीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में 27 जनवरी को अवकाश रहेगा। इसके बाद 28 जनवरी को रविवार होने के कारण छात्रों का अवकाश रहेगा। ऐसे में अब सोमवार को ही छात्रा विद्यालय जाएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *