दिल्ली: गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि रहे फ्रांस के राष्ट्रपति पहुंचे निजामुद्दीन औलिया की दरगाह, किया सजदा

दिल्ली: इस साल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। गौरतलब है कि मैक्रों दो दिवसीय दौरे पर भारत आए हुए हैं। गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों शुक्रवार रात को दिल्ली में दरगाह निज़ामुद्दीन औलिया पहुंचे। मैक्रों लगभग 700 साल पुरानी इस दरगाह पर रात 9.45 पर पहुंचे और वहां करीब आधा घंटा रुके। फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ भारत के विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने भी दरगाह पर सजदा किया। स्वदेश वापसी से पहले उनका भारत में आखिरी कार्यक्रम था।

आपको बता दें कि दरगाह निज़ामुद्दीन औलिया को भारत में सूफी संस्कृति का केंद्र माना जाता है। यह दरगाह प्रसिद्ध सूफी निज़ामुद्दीन औलिया और उनके शिष्य अमीर खुसरो की कब्र है।

मैक्रों दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे। इससे पहले राष्ट्रपति मैक्रों का स्वागत करते हुए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं का एक-दूसरे के राष्ट्रीय दिवस परेड और समारोहों में सम्माननीय अतिथि बनना एक ऐतिहासिक क्षण है और यह हमारी दोस्ती की गहराई और हमारी साझेदारी की ताकत का प्रतीक है।

आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों जयपुर से नई दिल्ली पहुंचे थे। जहां विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया था। इसी के साथ फ्रांसीसी राष्ट्रपति इस साल भारत में स्टेट विजिट पर आने वाले पहले विदेशी मेहमान बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *