बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल: बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन भारत को पांचवां पदक मिल चुका है। 19 साल के जेरेमी ने कुल 300 किग्रा वजन उठाकर देश को दूसरा स्वर्ण दिलाया है। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को सभी पांच पदक वेटलिफ्टिंग में मिले हैं। भारत अब तक दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीत चुका है। जेरेमी इस राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बन गए हैं। उनसे पहले मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में ही देश को सोना दिलाया था।
देश की बेटियों ने दो पदक जीते और भारत अब तक कुल पाँच पदक जीत चुका है, जिसमें दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। मीराबाई चानू और बिंदियारानी के पदक जीतने के बाद देश में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी दोनों बेटियों को जीत की बधाई दी है।
महिलाओं के 49 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली मीराबाई चानू के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा “असाधारण मीराबाई चानू ने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया! हर भारतीय इस बात से खुश है कि उन्होंने बर्मिंघम खेलों में एक स्वर्ण पदक जीता और एक नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया। उनकी सफलता कई भारतीयों को प्रेरित करती है, विशेषकर युवा एथलीटों को।”
वहीं, महिलाओं के 55 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीतने वाली बिंदिया रानी के लिए प्रधानमंत्री ने लिखा “कॉमनवेल्थ गेम्स, बर्मिंघम में रजत पदक जीतने पर बिंदियारानी देवी को बधाई। यह उपलब्धि उनकी मेहनत का नतीजा है और इसने हर भारतीय को बहुत प्रसन्न किया है। मैं उनके भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा “मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है। भारत के लिए उनके पहले स्वर्ण पदक ने पूरे देश में खुशी और उत्सव की लहर पैदा कर दी है। शानदार, मीराबाई! भारत को आप पर और आपके पदकों पर गर्व है।”