विशेष चर्चा: 27 व 28 अप्रैल को संयुक्त राष्ट्र संघ ने न्यूयार्क स्थित अपने मुख्यालय पर ‘लोकल एंड रीजनल गवर्नमेंट्स प्रियोरिटीज फॉर द न्यू अर्बन एजेंडा’ पर एक चर्चा आयोजित की है। इसमें शिरकत करने वाले प्रतिनिधि न्यू अर्बन एजेंडा हासिल करने के अपने दृष्टिकोण और लक्ष्य पर बात करेंगे।
आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता व कालकाजी से विधायक आतिशी आज न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय में लोकल एंड रीजनल गवर्नमेंट्स प्रियोरिटीज फार द न्यू अर्बन एजेंडा पर होने वाली चर्चा में भाग लेंगी। उन्हें इस चर्चा में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। आप विधायक आतिशी इसी मॉडल पर न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र, महासभा में दिल्ली मॉडल पर बात करेंगी। इस दौरान वह वैश्विक नेताओं के साथ केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस की खूबियों को साझा करेंगी।
आतिशी ने कहा कि शासन के दिल्ली मॉडल को वैश्विक पहचान मिलने जा रही है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के सदस्यों के साथ केजरीवाल सरकार की प्रभावी जन केंद्रित नीतियों के माध्यम से स्थानीय नेतृत्व के दिल्ली के उदाहरण को साझा करना मेरे लिए गर्व की बात है। दिल्ली मॉडल दुनिया भर के देशों के सामने आने वाली कई चुनौतियों का समाधान दे सकता है।
इस दौरान राष्ट्रीय और क्षेत्रीय चुनौतियों तथा नीतिगत प्रक्रियाओं की भी बात होगी। आतिशी बोगोटा और बार्सिलोना के मेयर के साथ ‘बेस्ट प्रैक्टिसेज ऑफ लीडिंग लोकली’ पर चर्चा करेंगी। चर्चा में वह बताएंगी कि कैसे एक संपन्न, विविध व घनी आबादी वाला शहर बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक परिवहन तक आम लोगों की पहुंच सुनिश्चित कर सकता है। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के सदस्यों को दिल्ली सरकार की तरफ से लागू योजनाओं के बारे में भी बतायेंगी। उनकी कोशिश इस बात पर रोशनी डालने की होगी कि कैसे दिल्ली सरकार की नीतियों ने लाखों आम लोगों के जीवन पर सकारात्मक असर डाला है।
