कांग्रेस का प्रदर्शन: बढ़ती महंगाई से कांग्रेसियों में उबाल है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई में हो रही वृद्धि से आम नागरिक के लिए परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। लोग महंगाई की मार से त्रस्त हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस भले ही चुनाव में हार गई है लेकिन हमने हथियार नहीं डाले हैं। अगर सरकार आम जनता के हितों की अनदेखी करती है तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
प्रीतम सिंह ने महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर भी तंज कसा। चकराता विधायक एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि दोबारा सत्ता में आते ही भाजपा सरकार ने पहला काम लोगों को बेरोजगार करने का किया है। विपक्षी पार्टी होने के नाते कांग्रेस जनहित को लेकर सरकार को कुछ समय देना चाहती थी।
कांग्रेस शुरुआत में ही विरोध नहीं करना चाहती थी, लेकिन सरकार इस तरह के कार्य कर रही है कि जनता के हित को लेकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोविड कार्यकाल में वार्ड ब्वॉय, वार्डन, नर्स, एंबुलेंस चालक समेत विभिन्न संवर्गों के 610 कर्मचारियों को उपनल और पीआरडी के माध्यम से आउटसोर्स कर नौकरी दी गई थी।
कोरोना लगभग खत्म होते ही प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से उनकी सेवा समाप्त कर दी। पूर्व विधायक राजकुमार और कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही आउटसोर्स कर्मचारियों की मांग को मुख्यमंत्री से मिलकर उनके समक्ष रखेगा।