दशहरा 2021: हमीरपुर जिले के मुस्करा क्षेत्र में बिहुनी गांव के लोग दशहरा पर रावण नहीं जलाते हैं। लोग मानते है कि जिस रावण से खुद भगवान लक्ष्मण ने ज्ञान लिया, उसे इंसान कैसे जला सकते हैं।
गांव के बीच में रावण के नौ सिर वाली विशाल प्रतिमा स्थापित है। बिहूनी में गांव के बीच रामलीला मैदान है। जिसके ठीक सामने रावण की दस फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है। 9 सिर व 20 भुजाओं वाली प्रतिमा के सिर पर मुकुट है। जिसमें घोड़े की आकृति बनी है।
रावण की यह प्रतिमा बैठने की मुद्रा को दर्शाती है। गांव के लोग बताते हैं कि यह प्रतिमा सीमेंट से बनाई गई है। कब और किसने इसका निर्माण कराया यह गांव के बड़े बुजुर्गों को भी पता नहीं है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि प्रतिमा करीब एक हजार वर्ष पुरानी होगी।
ग्राम पंचायत द्वारा सैकड़ों वर्ष पुरानी इस प्रतिमा को सहेजने का काम किया जा रहा है। प्रतिवर्ष इस प्रतिमा की रंगाई पुताई कराई जाती है। गांव में कभी रावण दहन नहीं किया जाता है। ग्रामीण तर्क देते हैं कि रावण महाविद्धान थे।
अंतिम समय में भगवान राम के कहने पर लक्ष्मण ने उनके चरणों के पास खड़े होकर ज्ञान लिया था। जिस विद्धान से खुद भगवान ने ज्ञान लिया उस विद्धान के पुतले को जलाने का इंसान को क्या अधिकार है। वेद वेदांत के ज्ञाता रावण का दहन कर अपने धर्म शास्त्रों का अपमान नहीं कर सकते।
ग्रामीण बताते हैं कि दशहरे पर रावण की प्रतिमा को रंग रोगन कर सजाया जाता है। साज श्रंगार के बाद ग्रामीण श्रद्धा से नारियल चढ़ाते हैं। विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य की विजय के रूप में मनाते हैं। यहां रावण के पुतले का दहन नहीं किया जाता। रावण की प्रतिमा स्थापित होने से इस मोहल्ले को रावण पटी कहते हैं। विवाह के बाद नवदंपती रावण की प्रतिमा के सामने नतमस्तक होकर आशीर्वाद लेना नहीं भूलते है ।
रावण की प्रतिमा के सामने मंदिर व रामलीला मैदान है। प्रत्येक वर्ष जनवरी माह में यहां पर विशाल मेले का आयोजन होता है।
