जनपद महराजगंज में ईद-उल-फितर का पर्व आपसी सौहार्द, शांति और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरे जिले में उत्सव का माहौल बना रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
त्योहार के मद्देनज़र जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल सहित अन्य संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने नमाज स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नमाज के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से निगरानी की गई।
प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग मिला। लोगों ने भाईचारे का परिचय देते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर सभी पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया।


