एलन मस्क: मौजूदा समय में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का तमगा हासिल करने वाले एलन मस्क व इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली टेस्ला और अंतरिक्ष मिशन लॉन्च करने वाली स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के संस्थापक एलन मस्क इस साल अमेरिका में करीब 83 हजार 145 करोड़ रुपये (करीब 11 अरब डॉलर) का टैक्स चुकाएंगे।
मौजूदा समय में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का तमगा हासिल करने वाले मस्क ने खुद इस बात का एलान किया है। फिलहाल उनकी संपत्ति करीब 18 लाख करोड़ रुपये (236 अरब डॉलर) आंकी गई है, जो कि दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति जेफ बेजोस के 14.58 लाख करोड़ (193 अरब डॉलर) की संपत्ति से करीब 25 फीसदी ज्यादा है।
इसे भारत के परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की संपत्ति करीब (85 अरब डॉलर) है। यानी मस्क की संपत्ति के मुकाबले करीब एक-तिहाई। इस लिहाज से देखा जाए तो मस्क अमेरिका में इस साल जितना टैक्स चुकाएंगे, वह अंबानी की पूरी संपत्ति का 13 फीसदी हिस्सा है। हालांकि, इसके बावजूद अमेरिका के डेमोक्रेट सांसद मस्क की ओर से सालों-साल तक टैक्स न भरने के मुद्दे को उठाते रहे हैं।
एलन मस्क 2021 में 83 हजार करोड़ रुपये (11 अरब डॉलर) का जबरदस्त टैक्स भरने वाले हैं। दरअसल, उन्हें अपने निवेश पर होने वाली आमदनी पर करीब 6500 करोड़ (84.2 करोड़ डॉलर) का टैक्स भरना है। इसके अलावा उन्हें अमेरिका के कैलिफोर्निया से टेक्सास को बेस बनाने के लिए भी अच्छा खासा कर देना है।
मस्क ने इसी साल अपना मैंशन भी बेचा है, जिससे उनका टैक्स करीब 22 हजार करोड़ रुपये (करीब 3 अरब डॉलर) बढ़ जाता है। अमेरिकी टैक्स एक्सपर्ट्स का अंदाजा है कि मस्क को केंद्रीय और राज्यवार करीब 7 अरब डॉलर का टैक्स देना है, इसके अलावा 4 अरब डॉलर का अतिरिक्त टैक्स भी उन्हें 1 जनवरी 2022 से पहले चुकाना है।
