कोलकाता: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला अब राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है। पूरे देश में डॉक्टर हड़ताल पर हैं। कोलकाता समेत पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हो रही हैं।
इस बीच देशभर में रेजिडेंट की हड़ताल के समर्थन में अब सरकारी डॉक्टर भी उतर आए हैं। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट डॉक्टर एसोसिएशन के आह्वान पर 16 अगस्त को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ से जुड़े सभी सरकारी डॉक्टर अपने हाथ पर काली पट्टी बांध कर मरीज को देखेंगे।
उधर आईएमएस बीएचयू में भी रेजिडेंट ने गुरुवार को भी कैंडल मार्च निकालकर घटना पर विरोध जताया और सरकार से जल्द से जल्द कार्यवाही की मांग की। इसके अलावा निजी डॉक्टरों ने भी कैंडल मार्च निकाला। साथ ही दोषियों पर सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कार्यवाही की मांग की।
आपको बता दें कि कोलकाता के लालबाजार स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ 8-9 अगस्त की दरमियानी रात दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। मृतका मेडिकल कॉलेज में चेस्ट मेडिसिन विभाग की स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा और प्रशिक्षु डॉक्टर थीं।जूनियर डॉक्टर आठ अगस्त को अस्पताल में रात की ड्यूटी कर रही थीं। रात 12 बजे के बाद उन्होंने दोस्तों के साथ डिनर भी किया। इसके बाद से महिला डॉक्टर का कोई पता नहीं चला। सुबह मेडिकल कॉलेज में चौथी मंजिल पर बने सेमिनार हॉल में डॉक्टर का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला। कोलकाता पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म-हत्या के मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
