आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के आवास विकास कालोनी सेक्टर दो में शनिवार की रात रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर जसवंत राय के बदमाशों ने डाका डाला। घर पर डॉ. जयवंत राय उनकी पत्नी डॉ. सुनीता सागर और अनुज वधू सीमा सागर मौजूद थे। घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। डॉ. जसवंत राय का शहीद नगर में डॉक्टर राय के नाम से अल्ट्रासाउंड सेंटर है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह डाइनिंग टेबल पर खाना खा रहे थे। पत्नी सुनीता सागर और छोटे भाई की पत्नी सीमा सागर घर पर मौजूद थे। सीमा सागर नगर निगम फिरोजाबाद में कर अधीक्षक हैं।
घर का मुख्य गेट बंद था। बदमाश उसे कूदकर कोठी में आए। सीधे घर में घुस आए। डॉ. राय ने भागने की कोशिश की तभी उनके सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बदमाश उन्हें और सीमा को घसीटते हुए एक कमरे में ले गए।बदमाशों ने टेप से मुंह बंद करने के बाद सीमा और डॉक्टर जसवंत के हाथ-पैर बांध दिए। डॉ. सुनीता को तमंचे के बल पर कमरे में ले गए। अलमारी खुलवाईं और उसमें रखा कैश और जेवरात लूट लिए। करीब आधा घंटे बाद बदमाशों ने जाते वक्त डॉ. सुनीता को भी बंधक बनाकर कमरे में डाल दिया।
पीड़ित डॉक्टर राय ने बताया कि बदमाशों के भागने के बाद बड़ी मुश्किल से उन्होंने बंधे हुए हाथों से अपने मुंह से टेप हटाकर बाहर पहुंचे और शोर मचाया। लोगों के सूचना देने पर एसएसपी मुनिराज जी. फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जिले की सीमाएं सील करा दी गईं। बदमाशों की तलाश की गई मगर वे नहीं मिले। बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
