बदायूं: उत्तर प्रदेश में इन दिनों बदमाशों ने आतंक मचा रखा है। आए दिन ये बदमाश घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में बदायूं में मंगलवार को दिनदहाड़े महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला का पति गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार बदायूं के उझानी में दिल्ली से घर लौट रहे दंपती पर बदमाशों ने हमला कर मोबाइल व 40 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई जबकि पति बदमाशों के चंगुल से छूटकर भाग निकला। वह भी घायल हुआ है।
बताया जाता है कि सरताज की शादी निदा के साथ करीब चार साल पहले हुई थी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी सरताज पत्नी के साथ दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। उनके कोई बच्चा नहीं था। सरताज ने बताया उसका दिल्ली में ही इलाज चल रहा था। वह दिल्ली से घर आ रहे थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे उझानी बस से उतरे और पैदल ही कच्चे रास्ते से गांव को चल दिए। जैसे ही दंपती राजनगर कॉलोनी के पास पहुंचे वहां चार बदमाश मिल गए। कालोनी के बाहरी तरफ चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। लूटपाट के साथ ही महिला की बदमाशों ने गला रेतकर सरेराह हत्या कर दी। जबकि उसका पति हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ है।
फिलहाल एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह समेत पुलिस मौके पर मौजूद है और बदमाशों की तलाश की जा रही है। सनसनीखेज वारदात उझानी कोतवाली इलाके की राजनगर कालोनी में हुई। पुलिस को पति सरताज ने बताया कि बदमाशों से हाथापाई के बाद घायल हो गया और अपने घर भाग गया। जबकि निदा वहीं बदमाशों से उलझती रह गई। पति का कहना है कि परिजनों के साथ लौटा तो मौके पर पत्नी का शव पड़ा मिला। बदमाश निदा का मोबाइल फोन, पर्स से करीब 40 हजार लूटकर ले गए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
