Uttar Pradesh

यूपी: गोरखपुर में आज सीएम योगी ने 100 के करीब लोगो की जनता दरबार में सुनी फरियाद, कहा- हर समस्या का तुरंत हो समाधान

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हुए हैं। शुक्रवार की सुबह सीएम योगी ने गोरखपुर जिले के गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दरबार लगाया। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में जमीन-जायदाद और इलाज के मामले आए। मौके पर मौजूद अधिकारियों को सीएम ने निर्देश दिया कि हर किसी के साथ न्याय होना चाहिए।फरियादियों को सुना और प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनता दरबार में सर्वाधिक मामले पुलिस और राजस्व से जुड़े आए।

गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री, हिंदू सेवाश्रम में आयोजित जनता दरबार में पहुंचे। यहां 100 के करीब फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यात्री निवास में इंतजार कर रहे फरियादियों के लिए कमिश्नर, डीएम, एसएसपी और अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उनकी समस्याएं सुनें। यहां सर्वाधिक शिकायतें पुलिस और राजस्व से जुड़ी हुई आईं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिर एक बार दोहराया कि थाना और तहसील स्तर के मामलों का निस्तारण वहीं किया जाए। इसमें लापरवाही करने वाले अफसरों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस व प्रशासन के आला अफसरों से कहा कि छोटे- छोटे मामलों का निस्तारण यदि जिला, तहसील और थाना स्तर पर होता तो लोग इतनी दूर से यहां जनता दरबार में नहीं आते। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि जिला कार्यालयों, तहसीलों और थानों में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका गुणवत्तापूर्ण ढंग से त्वरित निस्तारण करें।

Most Popular

To Top