भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं वाले संगठन जी20 के त्रिगुट में शामिल हो गया, जिसमें निवर्तमान, मौजूदा और आगामी अध्यक्ष शामिल होते हैं। इंडोनेशिया ने बुधवार को जी20 की अध्यक्षता इटली के स्थान पर ग्रहण की। भारत इस विश्व आर्थिक मंच की अध्यक्षता 1 दिसंबर, 2022 में ग्रहण करेगा। अध्यक्ष के रूप में भारत वर्ष 2023 में जी20 शिखरवार्ता की मेजबानी करेगा। यह पहली बार होगा, जब भारत में शिखरवार्ता आयोजित की जाएगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार जी20 अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का मंच है। यह दुनिया की आर्थिक गतिविधियों के संचालन, परस्पर निर्भरता, आर्थिक अवसरों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने का प्रमुख मंच है। भारत जी20 का संस्थापक सदस्य है। उसने दुनिया के सामने मौजूद विभिन्न मुद्दों और विकासशील एवं गरीब देशों की समस्याओं को उजागर किया है।
