Uttar Pradesh

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में भारी बारिश का कहर, हजरतगंज में मकान की दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत, 2 लोग घायल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को बारिश का कहर देखने को मिला, यहाँ भारी बारिश से लखनऊ के हजरतगंज में बड़ा हादसा हो गया। दिलकुशा कालोनी में निर्माणाधीन दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर नौ लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। मृतकों में दो बच्चे भी हैं। घटना की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अफसरों को घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। लखनऊ के सांसद व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर घटना पर दुख व्यक्त किया है।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार दिलकुशा कॉलोनी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना कल रात से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन दीवार गिरने से हुई। दो घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों ने दोनों को खतरे के बाहर बताया गया है।

जिलाधिकारी ने सिविल हास्पिटल पहुंच कर उनका हालचाल लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में मृत लोगों के परिजनों को आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेज बारिश को देखते हुए जिलों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर राहत कार्यों पर नजर रखें और प्रभावित लोगों को मदद प्रदान करें।

दिलकुशा कॉलोनी में पुरानी दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था जिसके लिए मजदूर रुके हुए थे। दीवार का वह हिस्सा गिरा जो कि पहले मजबूती से खड़ा हुआ था। हादसे से चीख पुकार मच गई। रेस्क्यू में सैन्यकर्मियों ने भी मदद की। दीवार सेना के अधिकारियों की कॉलोनी की थी। यहां डेढ़ सौ से अधिक अफसर रहते हैं।

Most Popular

To Top