महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के अहमदनगर के सिविल अस्पताल के आईसीयू वार्ड में शनिवार भीषण आग लग गई है अधिकारियों ने कहा कि भीषण आग लगने से कम से कम 11 कोरोनो वायरस रोगियों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। यहां कोरोना रोगियों का इलाज चल रहा था।
आग में झुलसे लोगों को पास के एक अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के दौरान आईसीयू वार्ड में 20 लोग मौजूद थे, इनमें से कुछ वैंटिलेटर पर भी थे। हॉस्पिटल के वार्ड बॉय, नर्स और डॉक्टर्स ने सभी मरीजों को सेफ वार्ड में शिफ्ट किया। जिस वार्ड में आग लगी, वह अस्पताल के बिलकुल बीचो-बीच है।
आग लगने के तुरंत बाद अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई,आग लगने पर पहले अस्पताल के अग्निशमन यंत्र से इस पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन यह कोशिश नाकाम रही। इसके बाद अहमदनगर नगर निगम और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाया।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी शोक प्रकट किया है। पीएम मोदी ने कहा- महाराष्ट्र के अहमदनगर के एक अस्पताल में आग लगने से हुए लोगों की मृत्यु से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हो।
